






आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र स्थित मतौलीपुर गांव में बुधवार खेत की बाड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से घास काटने गई महिला की मौत का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को भी डेड बॉडी ले जाने से रोका गया।
सिधारी थाना क्षेत्र के मतौलीपुर गांव निवासी मंधहिर राय गांव में मुर्गी फार्म संचालित करते हैं। मुर्गी फार्म के बगल में उन्होंने सब्जी की खेती भी कर रखी है। खेत को पशुओं से बचाने के लिए चारों ओर कंटीले तार की घेराबंदी की गई थी। इसके साथ ही खेत की सुरक्षा के लिए कंटीले तार में बिजली का तार जोड़ दिया गया था। जिससे लगातार करंट प्रवाहित हो रहा था।
बुधवार को जब धरमदेई 41 पत्नी घनश्याम निषाद घास काटने के लिए खेत पर गई थी। घास काटते समय अचानक कटीले तार की चपेट में आ गई। करंट लगता ही महिला की मौत हो गई।
मौके से फरार हुआ खेत मालिक
घटना की जानकारी मिलने के बाद खेत का मालिक बिजली का तार काटकर मौके से फरार हो गया। वहीं ग्रामीण और परिजनों ने आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची थाने की पुलिस को डेड बॉडी ले जाते समय आक्रोशित ग्रामीणों ने रोकने का प्रयास किया। ग्रामीण घटना में शामिल आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
