
सठियांव, आजमगढ़। ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन गुरुवार को उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद शांति के प्रतीक कबूतर और गुब्बारे उड़ाए गए। मुख्य अतिथि ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया, जिसके साथ ही खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर के पीटी प्रदर्शन में प्राथमिक विद्यालय सठियांव प्रथम ने पहला और प्राथमिक विद्यालय नैठी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक स्तर की बालिका वर्ग प्रतियोगिता में सोनपर और रघुनाथपुर खुझिया की टीम संयुक्त रूप से प्रथम रही। वहीं बालक वर्ग में सोनपर के बच्चों ने बाजी मारी। कबड्डी और खो-खो के बालक वर्ग में नैठी की टीम प्रथम और सठियांव प्रथम की टीम द्वितीय स्थान पर रही। दौड़ प्रतियोगिताओं में सोनपर और नैठी के बच्चों का दबदबा रहा।
आयोजक रामऊजागिर शुक्ला ने मुख्य अतिथि सुरेंद्र कुमार यादव और विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान रसीला देवी को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को एसआरजी जयशंकर सिंह, एआरपी पवन वर्मा, विजय मिश्रा, जयदीप और सीमा श्रीवास्तव सहित शिक्षक प्रतिनिधियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रिजवानुल हसन ने की तथा संचालन अमृता वर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रमोद लाल श्रीवास्तव, दिनेश पांडेय, दरोगा यादव, राकेश मणि त्रिपाठी, प्रियंका श्रीवास्तव, अखिलेश तिवारी, बृजेश राय, पूर्व जिलाध्यक्ष रामअवध यादव, प्रमोद दुबे, रामकेवल राम, नवलकिशोर, गणेश यादव, सादाब अली, बालचंद्र, रामचंद्र, अमरेंद्र रीता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
