






आजमगढ़। थाना सिधारी पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक ई-रिक्शा (UP50DT 9554) और तीन बैटरियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर होमगार्ड ग्राउंड के पास वन विभाग डिपो के निकट से श्याम सुन्दर गौड़ उर्फ शिन्टू 32 साल और मंगरु चौधरी 25 साल निवासी पल्हनी, थाना सिधारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने 20 मार्च की रात अपने एक साथी सुनील यादव के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन आजमगढ़ से ई-रिक्शा चोरी की थी और बैटरियों को अलग-अलग बेचकर पैसे बांटने की योजना बना रहे थे। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर ही पकड़ लिए गए, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया।
