33 लाख की जमीन ठगी के मामले में फर्जी दस्तावेज बनाकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, एक की पहले ही हो चुकी गिरफ्तारी

Uncategorized

आजमगढ़। थाना कोतवाली पुलिस ने जमीन के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 33 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह के पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बाग लखराव पुलिया के पास मुखबिर की सूचना पर की, जहां से सभी आरोपियों को पकड़ा गया। इस प्रकरण में मुख्य अभियुक्त कृष्ण चन्द्र राय (उम्र करीब 49 वर्ष) निवासी मुहम्मदपुर फेटी थाना बरदह, हाल पता मोहल्ला बदरका थाना कोतवाली को पहले ही 8 मार्च को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पीड़ित रूद्रान्श राय ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने कोडर अजमतपुर स्थित जमीन को असली बताकर कूटरचित नक्शा और दस्तावेज दिखाए तथा किस्तों में भुगतान के नाम पर उससे 33.30 लाख रुपये ले लिए। बाद में जांच में सामने आया कि दिखाई गई जमीन का बड़ा हिस्सा बंजर और गलत गाटा संख्या का था। पैसा वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज, धमकी और फर्जी मुकदमे में फंसाने की बात कही।
गिरफ्तार अभियुक्तों में जितेन्द्र कुमार (उम्र 42 वर्ष) पुत्र श्यामधारी निवासी अजमतपुर कोडर थाना कोतवाली, अभय कुमार (उम्र 22 वर्ष) पुत्र स्व. प्रमोद निवासी अजमतपुर कोडर थाना कोतवाली, विजय कुमार (उम्र 48 वर्ष) पुत्र स्व. सुरेश निवासी अजमतपुर कोडर थाना कोतवाली, महेन्द्र कुमार (उम्र 40 वर्ष) पुत्र बृजभूषण निवासी अजमतपुर कोडर थाना कोतवाली और दीपक (उम्र 54 वर्ष) पुत्र स्व. सुरेश निवासी अजमतपुर कोडर थाना कोतवाली शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि उनके खातों में आई रकम को निकालकर मुख्य आरोपी और उसके परिवार के साथ आपस में बांट लिया गया। इस मामले में कोतवाली थाना पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *