बाइक और अर्टिगा कार की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम, अर्टिगा चालक वाहन समेत फरार होने में कामयाब

Uncategorized

आजमगढ़ पटवध से बबलू राय: जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम लगभग 7:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना जैगहां से बिंदवल जयराजपुर मार्ग पर हारिपुर प्राथमिक विद्यालय के पास की है, जहां एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार और पल्सर बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैगहां की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बिंदवल की ओर से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
हादसे में घायल युवकों की पहचान सत्यम (लगभग 18 वर्ष) पुत्र शिवधर तथा सूरज (लगभग 19 वर्ष) पुत्र ज्ञान प्रकाश, निवासी जगमलपुर थाना बिलरियागंज के रूप में हुई। सूचना मिलते ही बिलरियागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलरियागंज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार अर्टिगा कार और उसके चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *