काली स्कॉर्पियो से धमके लोगों ने 14 थाली पैक कराने के बाद पैसे देने से किया इंकार, खुद को भाजपा नेता बताकर ढाबा संचालक दंपती से मारपीट जौनपुर हाईवे किनारे ढाबे पर दबंगई, सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Uncategorized

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के जौनपुर-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जीवली पेट्रोल पंप स्थित रामा हॉस्पिटल के समीप संचालित एक शुद्ध शाकाहारी ढाबे पर शुक्रवार देर रात दबंगई का मामला सामने आया। काली स्कॉर्पियो से पहुंचे तीन युवकों पर भोजन पैक कराने के बाद रुपये देने से इनकार करने, खुद को भाजपा नेता बताकर धमकाने तथा ढाबा संचालक और उनकी पत्नी के साथ मारपीट एवं अभद्रता करने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष ने बरदह थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ढाबा संचालक चंद्र प्रकाश मौर्य ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच काली स्कॉर्पियो से तीन युवक उनके ढाबे पर पहुंचे। युवकों ने पहले 14 स्पेशल शाकाहारी थालियां पैक कराईं और उन्हें गाड़ी में रखवा दिया। इसके बाद तीन स्पेशल थालियां ढाबे पर बैठकर खाने लगे।
भोजन करने के बाद जब संचालक ने बिल मांगा तो आरोप है कि युवकों ने रुपये देने से साफ इंकार कर दिया और कहा, “हम भाजपा के नेता हैं, हमारा कोई कुछ नहीं कर सकता।” विरोध करने पर तीनों युवक आक्रामक हो गए और ढाबा संचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने संचालक के बच्चे को भी उठाकर पटकने का प्रयास किया तथा संचालक की पत्नी लक्ष्मी मौर्य के साथ अभद्रता और बदसलूकी की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित के अनुसार, अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने आत्मरक्षा में डंडे से वार किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई हुई। इसी दौरान लक्ष्मी मौर्य ने बरदह पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी।
पुलिस आने की जानकारी मिलने पर आरोपी पहले मामला शांत कराने लगे और भोजन का लगभग तीन हजार रुपये भुगतान कर दिया। इसके बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्कॉर्पियो लेकर बरदह की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों से जानकारी ली। शनिवार को लक्ष्मी मौर्य ने बरदह थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। घटना स्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *