






24 घंटे में कमाल, गुमशुदा किशोर वाराणसी से सकुशल बरामद किया गया।
आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदा किशोर को सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर वाराणसी से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम वैराडीह (थाना गम्भीरपुर) निवासी संजय चौरसिया ने 11 अप्रैल 2026 को थाना निजामाबाद पर सूचना दी कि 7 अप्रैल को वह अपने भाई रमेश के दो बेटों—गणेश (14 वर्ष) और अंश (15 वर्ष)—के साथ तहसील निजामाबाद आए थे। तहसील परिसर में प्रवेश करते समय दोनों बच्चों को गेट के बाहर बैठाकर वह अंदर चले गए। वापस लौटने पर अंश वहां नहीं मिला। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के निर्देश पर उपनिरीक्षक कमला प्रसाद पटेल ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि किशोर अंश वाराणसी में है और उसने किसी के मोबाइल फोन से घर संपर्क करने की कोशिश की थी। मोबाइल नंबर के आधार पर संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर लोकेशन की पुष्टि की गई, जिससे ज्ञात हुआ कि किशोर थाना जैतपुरा क्षेत्र में मौजूद है।
इसके बाद निजामाबाद पुलिस ने वाराणसी पुलिस से समन्वय स्थापित किया। उपनिरीक्षक कमला प्रसाद पटेल, हेड कांस्टेबल हैसिलानन्द यादव और वादी संजय चौरसिया वाराणसी पहुंचे, जहां से किशोर अंश को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में किशोर ने बताया कि परिजनों द्वारा मोबाइल फोन वापस लेने से वह नाराज था, इसी कारण बिना बताए वाराणसी चला गया था।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमला प्रसाद पटेल और हेड कांस्टेबल हैसिलानन्द यादव की अहम भूमिका रही।
