






आजमगढ़: फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के चमावा गांव के पास शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। घायल को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फूलपुर पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार पवई थाना क्षेत्र के ओरिल खपड़िया चक गांव निवासी प्रदीप कुमार (26) तथा निजामाबाद थाना क्षेत्र के धन्नीपुर विसराई गांव निवासी विपिन कुमार (25) एक ही बाइक पर सवार होकर शादी का सामान खरीदने के बाद घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चमावा मोड़ के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचे, शाहगंज की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि विपिन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि विपिन कुमार अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
फूलपुर कोतवाल देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश कर घटना की जांच की जा रही है।
