आधुनिक खेती अपनाकर युवा बदल सकते हैं देश की तस्वीर : डॉ. सर्वेश कुमार

Uncategorized

आजमगढ़। सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में चल रहे 99 यूपी बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-313) के छठवें दिन “आधुनिक कृषि में युवाओं की भूमिका” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सर्वेश कुमार, श्री दुर्गा जी पीजी कॉलेज, चंडेश्वर रहे।
अपने संबोधन में डॉ. सर्वेश कुमार ने कहा कि भारत के युवा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर देश की तस्वीर बदलने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कैडेटों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, नवीन तकनीकों तथा युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने ऑर्गेनिक फार्मिंग, नेचुरल फार्मिंग, फूड प्रोसेसिंग, ड्रोन तकनीक, ऑटोमेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) जैसी आधुनिक तकनीकों के कृषि में बढ़ते उपयोग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा इन तकनीकों का प्रयोग कर खेती को अधिक उत्पादक, लाभकारी और पर्यावरण-अनुकूल बना सकते हैं।
डॉ. कुमार ने कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं और किसानों से इनका लाभ उठाकर कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने अनुशासन के तीन प्रमुख स्तंभ—नैतिकता, निष्ठा और ईमानदारी—को सफल जीवन और नेतृत्व का आधार बताते हुए कहा कि ये मूल्य एक अच्छे कैडेट और जिम्मेदार नागरिक के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सेकेंड ऑफिसर दिनेश मिश्रा ने किया। शिविर के कैम्प कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा तथा डिप्टी कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल जे.बी. सिंह ने डॉ. सर्वेश कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक राजेन्द्र यादव ने उन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर अभिनंदन किया।
व्याख्यान के दौरान कैडेटों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आधुनिक कृषि, सरकारी योजनाओं, खाद्य गुणवत्ता तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। कार्यक्रम ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और समसामयिक विषयों से परिपूर्ण रहा।
इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के कैडेट्स, एसएम, पीआई स्टाफ तथा सहयुक्त एनसीसी अधिकारी उपस्थित रहे।

— लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह
सहयुक्त एनसीसी अधिकारी
3 कंपनी/99 यूपी बटालियन एनसीसी, आजमगढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *