टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर नेवादा गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दरियापुर नेवादा निवासी अंकित चौरसिया (25) पुत्र राजेश चौरसिया शनिवार सुबह नींद से उठने के बाद शौच के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान घर के पास बिजली का एक तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। अंधेरा होने और तार दिखाई न देने के कारण उसका पैर उस पर पड़ गया, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल अंकित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक अंकित जौनपुर स्थित आईटीआई का छात्र था। पढ़ाई के साथ-साथ वह फल की दुकान चलाकर परिवार की आर्थिक मदद भी करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसके बड़े भाई अंगद चौरसिया जौनपुर में अधिवक्ता हैं। युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए टूटे तारों की समय रहते मरम्मत और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *