
निजामाबाद (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे में रविवार देर रात सड़क पार कर रहे वृद्ध को तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मातादीन यादव (उम्र करीब 60 वर्ष) पुत्र रामकिशोर यादव की आजमगढ़ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि फरिहा निवासी मातादीन यादव का मकान फरिहा-सरायमीर मुख्य मार्ग पर ईदगाह के पास स्थित है। रविवार की देर रात वह किसी काम से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सरायमीर की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों और परिजनों ने घायल मातादीन को तत्काल उपचार के लिए आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने डीसीएम और उसके चालक को पकड़कर फरिहा पुलिस चौकी पहुंचाया और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्र ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
