
Block Title
आजमगढ़। शहर के समीप हुसैनगंज से सब्जी मंडी जाने वाले मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव की समस्या से नाराज स्थानीय ग्रामीणों और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बरसात शुरू होते ही यह मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो जाता है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद न तो जलनिकासी की व्यवस्था की गई और न ही सड़क की मरम्मत कराई गई। हालात ऐसे हो गए हैं कि सड़क अब सड़क कम और धान की खेती के लिए खेत ज्यादा नजर आने लगी है।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि जब सरकार और प्रशासन जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है, तब लोगों को अपनी आवाज उठाने के लिए प्रतीकात्मक विरोध का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क पर धान की रोपाई प्रशासनिक लापरवाही और विफलता का जीता-जागता उदाहरण है। जनता टैक्स देती है ताकि उसे बेहतर सड़क और मूलभूत सुविधाएं मिल सकें, लेकिन बदले में जलभराव और जर्जर सड़कें मिल रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही हुसैनगंज से सब्जी मंडी मार्ग पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कर सड़क का निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आम आदमी पार्टी स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया तथा सड़क की तत्काल मरम्मत और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की मांग उठाई।
