
आजमगढ़। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विभागीय टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। वहीं रामपुर मुसेपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाई में अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार की जा रही 250 किलो मिठाई, जिसकी कीमत करीब 62,500 रुपये थी, जब्त कर नष्ट करा दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामपुर मुसेपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाई से डोडा बर्फी, मिल्क केक, सूजी और एक अपमिश्रक के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर वहां तैयार 250 किलो मिठाई को जब्त कर नष्ट कराया गया।
इसके अलावा बूढ़नपुर स्थित दो मिठाई प्रतिष्ठानों से छेना मिठाई और कालाजाम के नमूने लिए गए। गंभीरपुर से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और सगड़ी से दूध का नमूना भी संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
स्कूलों में भी चलाया जागरूकता अभियान
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य सचल प्रयोगशाला के माध्यम से स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल कंधरापुर, कंपोजिट विद्यालय गोरिया बिलरियागंज और प्राथमिक विद्यालय अमोड़ा में रसोइयों एवं विद्यार्थियों को खाद्य पदार्थों की शुद्धता, गुणवत्ता और मिलावट से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आजमगढ़ सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि श्रावण मास और आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में छापेमारी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया कि खुले और अस्वच्छ स्थानों पर खाद्य पदार्थों का भंडारण या बिक्री न करें।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, सुचित प्रसाद, शीत कुमार सिंह, लालमणि यादव, गोविन्द यादव, बिरेन्द्र यादव, राजीव कुमार सिंह और बेबी सोनम शामिल रहे।
