पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, पिकअप को बचाने में पिलर से टकराई रोडवेज बस; चालक समेत दो की मौत, दो दर्जन यात्री घायल

Uncategorized

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक और एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बस के पिलर से टकराते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
जानकारी के अनुसार बेल्थरा रोड डिपो की रोडवेज बस लखनऊ से बलिया के लिए रवाना हुई थी। बस को लखनऊ से आजमगढ़ होते हुए बलिया जाना था। देर रात बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आजमगढ़ की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान स्टोन नंबर 191 के पास बस के आगे चल रहे एक पिकअप वाहन की गति अचानक अनियंत्रित हो गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप को अनियंत्रित होते देखकर बस चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया। बस उस समय तेज गति में थी। चालक ने बस को नियंत्रित करने की काफी कोशिश की, लेकिन बस लहराते हुए एक्सप्रेसवे किनारे बने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस टीम और पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और राहतकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल और आसपास के स्थानीय अस्पतालों में भेजा गया।
पवई थानाध्यक्ष के अनुसार हादसे में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में रोडवेज बस चालक और एक महिला यात्री शामिल हैं। वहीं, बस में सवार करीब दो दर्जन यात्री घायल हुए हैं। घायलों में कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे में जान गंवाने वाले चालक और महिला यात्री की पहचान की जा रही है। मृतकों के नाम और घायलों की पूरी सूची समेत घटना से जुड़ी अन्य जानकारी अभी सामने आनी बाकी है।
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह बस के आगे चल रहे पिकअप वाहन के अचानक अनियंत्रित होने और उसे बचाने के प्रयास को बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *