
आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र के खानजहाँपुर गांव में खेत में खतरनाक तरीके से लगाए गए नंगे विद्युत तार की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोरी की मौत के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को रविवार सुबह खानजहाँपुर चौराहे के पास से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में सूरज पुत्र वरिष्ठ और शंकर पुत्र हरखू शामिल हैं। दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, खानजहाँपुर गांव निवासी व्यक्ति ने 12 सितंबर को फूलपुर थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया कि उनकी करीब 17 वर्षीय पुत्री गांव के ही सूरज पुत्र वरिष्ठ से बातचीत करती थी। इसकी जानकारी होने के बाद करीब एक माह पहले उन्होंने अपनी पुत्री को उसके ननिहाल सदपुर बरौली गांव भेज दिया था।
तहरीर के अनुसार, 10 सितंबर को सूरज ने किशोरी को मिलने के लिए अपने घर के पीछे स्थित खेत में बुलाया था। आरोप है कि इसी खेत में फसल बोने वाले खानजहाँपुर निवासी शंकर पुत्र हरखू ने खेत की सुरक्षा के लिए खतरनाक तरीके से नंगे बिजली के तारों की बाड़ लगा रखी थी और उसमें विद्युत प्रवाह किया गया था। इसी तार की चपेट में आने से किशोरी की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद फूलपुर पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 279/2026 के तहत धारा 3(5), 115(2) और 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह कर रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक फूलपुर देवेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
रविवार सुबह उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान खानजहाँपुर चौराहे के पास दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने सूरज पुत्र वरिष्ठ और शंकर पुत्र हरखू, दोनों निवासी खानजहाँपुर, थाना फूलपुर, आजमगढ़ को सुबह करीब 7:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवशरण सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव, कांस्टेबल अरविंद कुमार यादव और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे।
