पुल से तमसा नदी में छलांग लगा रहे बच्चे, तेज बहाव के चलते हादसे का बना है खतरा, नहीं कोई रोकने टोकने वाला, वीडियो हो रहा वायरल

Uncategorized

आजमगढ़। शहर के गौरी शंकर घाट के पास हथिया पुल से तमसा नदी में बच्चों के छलांग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कई बच्चे बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के पुल से सीधे नदी में कूदते नजर आ रहे हैं। नदी में इस समय पानी बढ़ा हुआ है और बहाव भी तेज बताया जा रहा है, ऐसे में बच्चों की यह हरकत कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि छोटे-छोटे बच्चे हथिया पुल से तमसा नदी में बेखौफ होकर छलांग लगा रहे हैं। कई बच्चे एक के बाद एक नदी में कूदते हैं और फिर पानी से बाहर निकलकर दोबारा पुल की ओर पहुंचते दिखाई देते हैं। बच्चों में किसी तरह का भय नजर नहीं आ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक नदी में पानी बढ़ने के साथ ही बहाव भी तेज है। ऐसे में नदी की गहराई और पानी के अंदर मौजूद गड्ढों अथवा अन्य खतरनाक स्थानों का अंदाजा लगाना मुश्किल है। तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने पर बच्चे पानी में बह सकते हैं। इसके बावजूद पुल के आसपास इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए कोई प्रभावी निगरानी नजर नहीं आ रही है।
सबसे गंभीर बात यह है कि पुल से नदी में छलांग लगाने वाले बच्चों की उम्र काफी कम दिखाई दे रही है। किसी के पास लाइफ जैकेट या बचाव का कोई अन्य सुरक्षा साधन भी नहीं है। यदि किसी बच्चे के साथ नदी में कोई अनहोनी होती है तो उसे तत्काल बचा पाना भी मुश्किल हो सकता है।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हथिया पुल के आसपास निगरानी बढ़ाई जाए और बच्चों को पुल से नदी में छलांग लगाने से रोका जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले इस खतरनाक खेल पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *